जैन समाज की पहल, बरेली में हर पखवाड़े स्थायी स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ
जैन समाज की पहल, बरेली में हर पखवाड़े स्थायी स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ
बरेली। जैन समाज की अग्रणी संस्था श्री महावीर निर्वाण समिति द्वारा बरेली में पहली बार स्थायी रूप से आयोजित किए जा रहे “भगवान पार्श्वनाथ स्वास्थ्य महा शिविर” को लेकर जैन मंदिर, रामपुर गार्डन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। यह शिविर श्रृंखलाबद्ध रूप से प्रत्येक माह के द्वितीय और चतुर्थ रविवार को नियमित रूप से लगाया जाएगा।
प्रेस वार्ता में जैन समाज के मीडिया प्रभारी व राष्ट्रीय संगठन मंत्री सौरभ जैन ने बताया कि यह स्वास्थ्य महाशिविर प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक वातानुकूलित धर्मशाला, जैन मंदिर रामपुर गार्डन (संजय कम्युनिटी हॉल के निकट) में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर स्वामी के जीव कल्याण के सिद्धांतों को धरातल पर उतारने की दिशा में यह जैन समाज का सार्थक प्रयास है।
महा शिविर के संयोजक अधिवक्ता सत्येंद्र कुमार जैन ने जानकारी दी कि शिविर में एलोपैथिक, आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धतियों के अंतर्गत हृदय, अस्थि, स्त्री रोग, न्यूरो, कैंसर, मधुमेह, चेस्ट, त्वचा, नेत्र, ईएनटी, दंत एवं बाल रोग सहित विभिन्न क्षेत्रों के ढाई दर्जन से अधिक अनुभवी, प्रतिष्ठित और सेवाभावी वरिष्ठ विशेषज्ञ, सर्जन व फिजिशियन अपनी सेवाएं देंगे। साथ ही सप्ताह के अन्य तीन दिनों में सायं 6 से 7 बजे तक रोगियों के फॉलो-अप हेतु एक विशेषज्ञ भी उपलब्ध रहेंगे।
समिति के सहयोगी व्यवसायी मनीष जैन ने बताया कि शिविर में कुछ आवश्यक दवाएं निःशुल्क दी जाएंगी। पेटेंट दवाओं पर 25 प्रतिशत तथा जेनेरिक दवाओं पर 50 प्रतिशत की छूट के साथ-साथ शहर के प्रमुख पैथोलॉजी व जांच केंद्रों पर जांच में भी 50 प्रतिशत तक की छूट उपलब्ध कराई जाएगी।
डॉ. पी. के. जैन ने बताया कि मोतियाबिंद से पीड़ित रोगियों का ऑपरेशन फेको विधि से—लेंस, चश्मा, भर्ती, भोजन और परिवहन सहित—निःशुल्क निजी मेडिकल कॉलेज में कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, होम्योपैथिक औषधालय पूर्व की भांति प्रतिदिन प्रातः 9 से 11 बजे तक संचालित रहेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि पंजीकरण शुल्क मात्र ₹20 रखा गया है, जिसमें वजन, ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन, शुगर, ईसीजी, बीएमडी एवं पीएफटी जांच मेदांता अस्पताल, गुरुग्राम द्वारा निःशुल्क की जाएंगी।
अंत में समिति ने आमजन से अपील की कि इस महा शिविर की जानकारी अपने आसपास व दूर-दराज के क्षेत्रों में भी साझा करें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीज नियमित रूप से इसका लाभ उठा सकें।
प्रेस वार्ता में सुनील जैन, धनंजय जैन, अतुल जैन, नीति जैन सहित समिति के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।