रामायण मंदिर माधवबाड़ी में सुंदरकांड पाठ और हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण
बरेली। श्री रामायण मंदिर, माधवबाड़ी में मंगलवार को तुलसी जयंती महोत्सव का शुभारंभ पूज्य गुरुदेव के करकमलों से दीप प्रज्वलित कर किया गया। महोत्सव के पहले दिन सात्विक संकीर्तन मंडल एवं रामायण मंडल के सदस्यों ने सामूहिक सुंदरकांड पाठ और हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में कुक्की अरोड़ा, हार्दिक अरोड़ा, निष्काम पांडे, सिद्धांत श्रोत्रिय, राम पांडे, बरखा अरोड़ा और उत्कर्ष अरोड़ा सहित अन्य कलाकारों ने संगीतबद्ध सुंदरकांड का पाठ किया। वहीं "सिया राम की गली में तुम जाना", "वीर हनुमाना", "श्रीराम जानकी" और "राम-राम जय राजा राम" जैसे भजनों की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
रामायण मंदिर प्रबंधन समिति के सचिव नवीन अरोड़ा ने बताया कि तुलसी जयंती महोत्सव 4 से 19 अगस्त तक विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ मनाया जाएगा। 5 अगस्त को हरिनाम संकीर्तन, 6 अगस्त को श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल अमृतसर द्वारा झूलन महोत्सव, 7 अगस्त को डॉ. बृजेश यादव द्वारा सुंदरकांड पाठ तथा 8 अगस्त को सनातन धर्म मंदिर से दिव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।
उन्होंने बताया कि 8 से 16 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 6:30 बजे पूज्य धन्वन्तरि दास जी महाराज के श्रीमुख से श्रीराम कथा होगी। 17 और 18 अगस्त को हरिनाम संकीर्तन के विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। महोत्सव का समापन 19 अगस्त को तुलसी जयंती समारोह, गुरु प्रसादी भंडारे और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा।