, जोश और जुनून का संगम: बी0बी0एल0 में तीन दिवसीय वाॅलीबाल और टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ
खेल, जोश और जुनून का संगम: बी0बी0एल0 में तीन दिवसीय वाॅलीबाल और टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ
बरेली - बी0बी0एल0 पब्लिक स्कूल, अलखनाथ रोड, बरेली में 24 से 26 अक्टूबर, 2026 तक 10वीं श्री बृज भूषण लाल अंतर-विद्यालयीय वाॅलीबाल प्रतियोगिता, 15 वीं श्री बृज भूषण लाल जी मेमोरियल अंतर विद्यालयीय टीम चैंपियनशिप एवं जूनियर जिला टेबिल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया।
समारोह का उद्घाटन विद्यालय प्रबन्धक श्री राघव कृष्ण अग्रवाल जी ने श्री बृज भूषण लाल जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के साथ किया। तत्पश्चात् अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाज श्री विश्वास शर्मा जी को मंच पर शाॅल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। तीन दिवसीय खेल के इस आयोजन में बरेली जनपद के 48 विद्यालयों की 96 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। वाॅलीबाल प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की सीनियर एवं जूनियर टीम अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। वहीं टेबिल-टेनिस प्रतियोगिता में अंडर-17, अंडर-15, अंडर-13 एवं अंडर-11 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएँ भाग लेंगे। दोनों प्रतियोगिता में 1450 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। विद्यालय के अध्यक्ष महोदय श्री सर्वेश अग्रवाल जी ने इस अवसर पर प्रतिभागियों को संदेश देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में उत्कृष्टता, अनुशासन और स्वस्थ स्पर्धा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ खेल संस्कृति को भी समृद्ध बनाते हैं। विद्यालय के प्रबन्धक महोदय श्री राघव कृष्ण अग्रवाल जी ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना आवश्यक है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ उनमें नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करती हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य डाॅ0 श्यामेश ने कहा कि खेल विद्यार्थियों को चुनौतियों का सामना करने, त्वरित निर्णय लेने और जीत-हार को सकारात्मक रूप से स्वीकार करने की सीख देते हैं। ये गुण उनके व्यक्तित्व को निखारने और जीवन में आगे बढ़ने में सहायक होते हैं। इस आयोजन के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, खेल कौशल निखारने तथा आपसी सहयोग एवं सौहार्द को बढ़ावा देने का अवसर मिलेगा। विद्यालय परिवार प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए उत्साहित है।इस अवसर पर प्रशासक एवं आयोजन सचिव श्री दीपक गुप्ता, जिला बाॅलीवाल संघ के अध्यक्ष श्री उपेन्द्र बहादुर सिंह, उपाध्यक्ष मो0 उजैर, कोषाध्यक्ष श्री बी0पी0 शर्मा, जिला टेबिल टेनिस संघ से संजीव सक्सेना, मुकुल रेफरी भुवनेश चन्द्रा, सुशील कुमार, घनश्याम यादव व प्रीति शुक्ला आदि मौजूद रहे।