ग्राहक हितों के साथ सामाजिक सरोकारों को मजबूती देगा संगठन : लाखन सिंह
ग्राहक हितों के साथ सामाजिक सरोकारों को मजबूती देगा संगठन : लाखन सिंह
नोएडा महानगर की नई टीम गठित, अजय मुखिया को मेरठ प्रांत में रोजगार सह प्रमुख का दायित्व
नोएडा। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने संगठन विस्तार और उपभोक्ता हितों की आवाज को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए नोएडा महानगर की नई कार्यकारिणी का गठन किया है। संगठन के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री लाखन सिंह के मार्गदर्शन में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और ग्राहक जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को नोएडा में आयोजित बैठक में नई टीम की घोषणा की गई।
बैठक में मेरठ प्रांत अध्यक्ष डा. विपिन गुप्ता एवं प्रांत संगठन मंत्री नरेंद्र शर्मा ने नोएडा महानगर की नई कार्यकारिणी की घोषणा की। इस दौरान सेक्टर-112 निवासी अजय मुखिया को मेरठ प्रांत में रोजगार सह प्रमुख का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया। नए दायित्व की घोषणा के बाद उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
नई कार्यकारिणी में अजय कुमार पांडेय को नोएडा महानगर अध्यक्ष, अरुण कुमार सिंह को उपाध्यक्ष, जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव को सचिव, आदित्य नारायण सिंह एवं प्रभाकर झा को सह सचिव, आकाश कुमार को मीडिया प्रभारी, अमरजीत यादव को कोषाध्यक्ष तथा बालेंद्र विश्वकर्मा को रोजगार सृजन प्रमुख का दायित्व दिया गया।
कार्यक्रम के आयोजन और सफल संचालन में अमित यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं प्रांत प्रचार आयाम प्रमुख पवन कुमार की विशेष उपस्थिति रही। बैठक में महिला आयाम प्रमुख सुमन जैन सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखने की जरूरत
बैठक के दौरान बच्चों के मोबाइल और सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। प्रांत प्रचार आयाम प्रमुख पवन कुमार ने कहा कि यूरोपीय देशों की तर्ज पर भारत में भी 15 वर्ष तक के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को प्रतिबंधित करने की दिशा में प्रभावी कानून बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल का इस्तेमाल केवल शिक्षा से संबंधित आवश्यक कार्यों के लिए करने की अनुमति होनी चाहिए और 15 वर्ष तक की आयु के बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। इस संबंध में भारत सरकार को पत्र भेजकर कानून बनाने की मांग भी की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस दिशा में आने वाले समय में ठोस कदम उठाएगी।
कार में आग या पानी भरने पर क्या करें, बताए कंपनियां
बैठक में वाहन सुरक्षा को लेकर भी ग्राहक पंचायत ने महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। मेरठ प्रांत अध्यक्ष डा. विपिन गुप्ता ने कहा कि वाहन कंपनियां शोरूम में कार के सुरक्षा फीचर की जानकारी तो देती हैं, लेकिन आपात स्थिति में ग्राहक को क्या करना है, इसकी पर्याप्त जानकारी नहीं दी जाती।
उन्होंने कहा कि यदि किसी कार में अचानक आग लग जाए, कार पानी में फंस जाए अथवा दुर्घटना की स्थिति में सेंट्रल लॉक जाम हो जाए तो ऐसी परिस्थिति में वाहन से सुरक्षित बाहर निकलने के तरीके की जानकारी ग्राहक को पहले से होना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत इस मुद्दे को लेकर विशेष मुहिम शुरू करने जा रही है। संगठन की मांग होगी कि कार कंपनियों के शोरूम में वाहन की बिक्री के साथ ही ग्राहकों को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा उपायों की जानकारी अनिवार्य रूप से दी जाए।
ग्राहक जागरूकता को गांव तक ले जाने पर जोर
क्षेत्रीय संगठन मंत्री लाखन सिंह के मार्गदर्शन में ग्राहक पंचायत संगठन विस्तार के साथ ही ग्राहक जागरूकता अभियान को व्यापक बनाने की दिशा में काम कर रही है। संगठन का प्रयास है कि ग्राहकों को उनके अधिकारों, सुरक्षा, शिकायत निवारण और बाजार में उपलब्ध विकल्पों के प्रति जागरूक किया जाए।
संगठन की ओर से सदस्यता अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और ग्राहक जागरूकता कार्यक्रमों को स्थानीय स्तर तक ले जाने की योजना है। ग्राम पंचायत स्तर तक अभियान पहुंचाकर आम उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों की जानकारी देने तथा ग्राहक समस्याओं के समाधान के लिए ग्राहक मार्गदर्शन सेवा केंद्रों की भूमिका को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
लाखन सिंह ने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि ग्राहक हितों की लड़ाई को केवल शहरों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि गांव-गांव तक पहुंचकर प्रत्येक उपभोक्ता को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और जागरूक ग्राहक ही बाजार में अनुचित व्यापारिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा सकते हैं।
इस अवसर पर प्रांत प्रचार प्रमुख पवन त्यागी, महिला आयाम प्रमुख सुमन जैन, नोएडा महानगर अध्यक्ष अजय पांडेय, उपाध्यक्ष अरुण कुमार, ज्ञानेन्द्र, सचिव जितेंद्र श्रीवास्तव, सह सचिव आदित्य नारायण सिंह, प्रभाकर झा, कोषाध्यक्ष अमरजीत यादव, मीडिया प्रभारी आकाश कुमार, अरुण यादव, अमित यादव सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।