पत्नी से हो गया था तलाक, ट्रेन से कटकर युवक ने की आत्महत्या
पत्नी से हो गया था तलाक, ट्रेन से कटकर युवक ने की आत्महत्या
बरेली। चौपला पुल के नीचे रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर युवक ने आत्महत्या कर ली। पुलिस की जांच पड़ताल में सामने आया कि पत्नी से तलाक के बाद वह तनाव में था और दिन प्रतिदिन मानसिक स्थिति खराब हो रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के नेकपुर निवासी गजेंद्र (36) ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के भाई भरत सिंह ने बताया सोमवार रात खाना खाने के बाद 11 बजे गजेंद्र चौपाल पुल की तरफ आ रहे थे। चौपला रेलवे क्रॉसिंग पर उनकी ट्रेन से कटकर मौत की सूचना मिली। वह मौके पर पहुंचे तो थाना पुलिस और जीआरपी की टीम जांच कर रही थी। शव देख उनकी चीख निकल गई। उन्होंने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के भाई ने बताया कि गजेंद्र की मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी। मृतक की पत्नी से कई साल पहले तलाक हो चुका है। जिसके चलते भी वह तनाव से जूझ रहे थे। मृतक चार भाई में सबसे बड़ा था। उनकी कोई संतान नहीं है।