इंजन चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया
इंजन चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया
बरेली। फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के ग्राम टिसुआ में हुई इंजन चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरी किए गए इंजन को बरामद कर लिया गया है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस टीम ने उचसिया मोड़ से लगभग 80 मीटर की दूरी पर छानबीन के दौरान टिसुआ गांव के रहने वाले दो युवकों - नईम पुत्र फखरुद्दीन (21 वर्ष) और अमन पुत्र राजू (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के पास से चोरी किया गया इंजन बरामद हुआ है। अभियुक्तों के खिलाफ थाना फतेहगंज पूर्वी में पहले से ही अभियोग पंजीकृत था, जिसकी धाराओं में अब धारा 317 (2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों शिबू पुत्र खुशी मोहम्मद और आजिद पुत्र राशिद के साथ मिलकर टिसुआ गांव में रहने वाले गुड्डू के खेत से इंजन चोरी किया था। इंजन को एक मोटरसाइकिल वाली ठिलिया में रखकर बेचने की योजना थी, लेकिन रास्ते में उचसिया मोड़ के पास पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण वे इंजन समेत ठिलिया को वहीं खड़ा कर गए। उसी दौरान पुलिस को सूचना मिली और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को दबोच लिया गया, जबकि शिबू और आजिद मौके से फरार हो गए।