सरे राह 17 वर्षीय युवक के अपहरण का प्रयास, पब्लिक ने बचाया
सरे राह 17 वर्षीय युवक के अपहरण का प्रयास, पब्लिक ने बचाया
पुलिस बोली पुरानी है रंजिश, अपहरण जैसा कोई मामला नहीं
बरेली। सुभाषनगर के दुर्गानगर में रहने वाली पूनम ने बताया कि वह बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक हैं। विश्वनाथपुरम कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय आलोक कुमार उर्फ बाबू उनके यहां कई वर्ष से रह रहा है। वह उनका ई-रिक्शा चलाता था। कुछ दिन पहले आलोक जल गया था। जिसकी दवा लेने के लिए वह चौरासी घंटा मंदिर के पास स्थित एक मेडिकल से शनिवार देर रात लगभग 20 बजे दवा लेने के लिए गया था। इसी दौरान ऑटो से आए चार युवक आलोक को पकड़कर जबरन ऑटो में बैठाने लगे। अपहरण का शोर सुनकर आसपास के लोगों ने ऑटो को घेर लिया। इस दौरान दो आरोपी भाग गए। जबकि दो को भीड़ ने पकड़ लिया। आरोपियों ने आलोक के साथ मारपीट की, जिससे उसके जख्मों से खून बहने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों आरोपियों व पीड़ित आलोक को थाने ले गई है। बताया जाता है कि आरोपी करेली के रहने वाले हैं। थाना सुभाषनगर प्रभारी सतीश कुमार राय ने बताया कि पीड़ित युवक ऑटो चलाता है और आरोपी भी ऑटो चालक हैं। दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर पहले से विवाद है, जिसकी वजह से विवाद हुआ है। अपहरण जैसी घटना नहीं है। जांच की जा रही है। जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।