आईसीएल म्यूचुअल बेनिफिट्स कंपनी के कार्यालय पर सैकड़ों निवेशकों का हंगामा
आईसीएल म्यूचुअल बेनिफिट्स कंपनी के कार्यालय पर सैकड़ों निवेशकों का हंगामा
बरेली। बीमा कराने के नाम पर आईसीएल म्यूचुअल बेनिफिट्स कंपनी के कार्यालय पर सैकड़ों निवेशकों ने जमकर हंगामा किया। बताया कि समय की अवधि पूरी होने के बाद भी कंपनी ने अब तक उनकी धनराशि नहीं दी है। निवेशकों ने कंपनी के एमडी समेत अन्य अधिकारियों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। हंगामे के बीच पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया और प्रार्थना पत्र देने की बात कही है। बता दें कि यह कंपनी रूपकिशोर गोला उर्फ आरके गोला की है।
आईसीएल म्यूचुअल कंपनी को कार्यालय गांधीनगर में रेलवे क्रासिंग के पास एक मकान में है। यहां पहुंचे निवेशकों ने बताया कि वे लोग वर्षों से अपनी किश्त जमा करते आ रहे हैं। समय सीमा भी पूरी हो चुकी है। अवधि पूरी होने के बाद उन्होंने कंपनी से रुपये वापस करने को कहा। इस पर कंपनी के एमडी रूपकिशोर गोला उर्फ आरके गोला टालते रहे। वे लोग कई बार चक्कर काट चुके हैं, लेकिन उनकी धनराशि अब तक नहीं मिली है। निवेशकों ने बताया कि शुक्रवार को जब वे लोग कार्यालय पहुंचे तो वहां एक कर्मचारी सारांश मिला। उसने दोबारा टालने की कोशिश की, लेकिन इस बार निवेशक अपनी बात पर अड़ गए और निवेश की गई धनराशि वापस कराने की मांग करने लगे। धीरे धीरे कंपनी कार्यालय पर सैकड़ों की संख्या में निवेशक और एजेंट पहुंच गए। सभी ने रुपये वापस करने की मांग करते हुए जमकर हंगामा काटा। इससे पहले की लोग किसी तरह की घटना को अंजाम देते। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझाया और शिकायती पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। इस पर सभी लोग मान गए। सभी निवेशकों का कहना है कि वे लोग तहरीर देकर कंपनी के एमडी समेत अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।