बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य को मिला उत्कृष्ट सेवा पदक, मुख्यमंत्री योगी ने किया सम्मानित
बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य को मिला उत्कृष्ट सेवा पदक, मुख्यमंत्री योगी ने किया सम्मानित
अपराध नियंत्रण और सख्त कानून-व्यवस्था के लिए राज्य स्तरीय समारोह में मिली बड़ी उपलब्धि
बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य को वर्ष 2024 के लिए उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया है। यह सम्मान रविवार को लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदान किया गया, जिसमें प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस विभाग के शीर्ष अफसर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसएसपी अनुराग आर्य की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और संवेदनशील परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने वाले अधिकारी पुलिस व्यवस्था की रीढ़ होते हैं। बरेली जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने में उनके नेतृत्व की भूमिका सराहनीय रही है। जानकारी के अनुसार 26 सितंबर 2025 को बरेली में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई थी। उस दौरान एसएसपी अनुराग आर्य ने संयम और सख्ती का संतुलन बनाते हुए हालात को नियंत्रित किया। त्वरित पुलिस कार्रवाई के चलते किसी भी बड़ी अप्रिय घटना को रोका जा सका और जिले में शांति व्यवस्था कायम रही।
वर्ष 2024 में बरेली की कमान संभालने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने शाही और शीशगढ़ थाना क्षेत्रों से जुड़े चर्चित सीरियल किलिंग केस का सफल खुलासा कर पुलिस विभाग को बड़ी उपलब्धि दिलाई। एक वर्ष के भीतर करीब 11 महिलाओं की हत्या की घटनाओं ने पुलिस के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी थी, जिसे पहले कई वरिष्ठ अधिकारी भी सुलझा नहीं पाए थे।
इस मामले में गहन विवेचना कराते हुए नवाबगंज निवासी कुलदीप गंगवार को गिरफ्तार किया गया और छह हत्याओं का खुलासा हुआ। इस कार्रवाई से न सिर्फ मामले की सच्चाई सामने आई, बल्कि आमजन के बीच पुलिस की कार्यकुशलता और विश्वास भी मजबूत हुआ।
एसएसपी अनुराग आर्य को उत्कृष्ट सेवा पदक मिलने के बाद बरेली पुलिस विभाग में हर्ष का माहौल है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसे पूरी टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया और एसएसपी को बधाई दी।