मनोज हरित दोबारा बने बरेली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष
मनोज हरित दोबारा बने बरेली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष
त्रिकोणीय मुकाबले में 137 मतों से जीत, अन्य पदों के नतीजे भी घोषित
बरेली। बरेली बार एसोसिएशन चुनाव 2025–26 के परिणामों का दिन अधिवक्ताओं के लिए बेहद अहम रहा। सबसे बड़ी घोषणा अध्यक्ष पद को लेकर हुई, जहां वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज हरित ने एक बार फिर जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 137 मतों से पराजित किया। यह मनोज हरित का लगातार दूसरा कार्यकाल होगा।
अध्यक्ष पद का चुनाव त्रिकोणीय रहा, जिसमें ज्वाला प्रसाद गंगवार और अनिल द्विवेदी जैसे वरिष्ठ अधिवक्ताओं से मनोज हरित का सीधा मुकाबला था। सुबह से ही मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। परिणामों को लेकर दिनभर उत्सुकता का माहौल बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।
इस बीच अन्य पदों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रजत मोहन ने 1029 मत प्राप्त कर नसीम सैफी को 514 मतों से हराया। उपाध्यक्ष पद पर हुलसी राम ने 565 वोट पाकर अमित सिंह को 50 मतों से शिकस्त दी।
संयुक्त सचिव (प्रकाशन) पद पर शांतनु मिश्रा ने 881 वोट हासिल कर रीना सिंह को बड़े अंतर से पराजित किया। संयुक्त सचिव (प्रशासन) पद पर रोहित कुमार यादव विजयी घोषित किए गए। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर धर्मवीर सिंह और पुस्तकालय सचिव पद पर सौरभ अग्निहोत्री ने जीत दर्ज की।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर जयपाल कश्यप ने अनुपम अग्रवाल को हराकर बाजी मारी।
जूनियर कार्यकारिणी में हेमंत भाई, पूजा साहू, रविकर यादव, विनीत सक्सेना, मध्यम सक्सेना और रोहित गंगवार को विजयी घोषित किया गया।