फरीदपुर में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई
फरीदपुर में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई
तीन केंद्रों पर छापा, दो सील, एक पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी
बरेली। जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी के आदेश पर शनिवार 21 फरवरी को बरेली जनपद के फरीदपुर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान तीन अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच की गई, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण में मर्सी अल्ट्रासाउंड बिना वैध पंजीकरण के संचालित पाया गया। नियमों के उल्लंघन पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए केंद्र को सील कर दिया। वहीं सहारा अल्ट्रासाउंड अपने पंजीकृत पते से अलग स्थान पर संचालित होता मिला, जिसके चलते उसे भी सील कर दिया गया। तीसरा केंद्र एल्फा अल्ट्रासाउंड औचक निरीक्षण की सूचना मिलते ही बंद कर दिया गया और उसका संचालक मौके से फरार हो गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित चिकित्सक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अपना नाम अल्ट्रासाउंड केंद्र से हटाने के लिए आवेदन दिया है। इन तथ्यों के आधार पर एल्फा अल्ट्रासाउंड के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए अभियोग दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस कार्रवाई में नोडल पीसीपीएनडीटी डॉ. लईक अहमद अंसारी के साथ विपिन कुमार, राजेश कुमार तथा वाहन चालक राहुल शर्मा शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों और अन्य चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।