ई-रिक्शा से निकले कमिश्नर, 50 अतिक्रमण स्थलों पर कार्रवाई के निर्देश
वाराणसी में ई-रिक्शा से निकले कमिश्नर, 50 अतिक्रमण स्थलों पर कार्रवाई के निर्देश
सड़कों पर छाता लगाकर घूमे, मातहतों को भी नहीं लगी कमिश्नर के गोपनीय दौरे की भनक
वाराणसी। वाराणसी में अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने अनोखी मुहिम छेड़ दी है। शनिवार रात वे सादी वर्दी में ई-रिक्शा से शहर की तंग गलियों और प्रमुख बाजारों का निरीक्षण करने निकले। बारिश के बीच छाता लेकर पैदल घूमते हुए कमिश्नर ने कबीरचौरा, मैदागिन, लोहटिया और कालभैरव इलाकों में अतिक्रमण की असली तस्वीर मोबाइल कैमरे में कैद की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानदारों और ठेलेवालों द्वारा किए गए अतिक्रमण को चिन्हित किया और 50 से अधिक स्थानों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। संबंधित थानों को एफआईआर दर्ज करने को कहा गया है। कमिश्नर ने कहा कि अतिक्रमण बनारस की छवि को बिगाड़ रहा है और अब सिर्फ चेतावनी नहीं, सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले 10 बीट आरक्षियों और सब-इंस्पेक्टरों पर विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए। साथ ही, दोहराए गए अतिक्रमण मामलों में गैंगस्टर एक्ट लगाने की चेतावनी दी है।
अब तक 250 से अधिक अतिक्रमणकारियों पर मुकदमा दर्ज हो चुका है और कई पुलिसकर्मी कार्रवाई की जद में आ चुके हैं।