नारी स्किल सेंटर उद्घाटन व योग दिवस कार्यक्रमों को लेकर डॉ तनु जैन ने की प्रेसवार्ता
नारी स्किल सेंटर उद्घाटन व योग दिवस कार्यक्रमों को लेकर डॉ तनु जैन ने की प्रेसवार्ता
महिला सशक्तिकरण और स्वस्थ भारत के संकल्प पर केंद्रित रहेंगी दोनों दिन की गतिविधियां
बरेली। बरेली छावनी परिषद द्वारा 20 और 21 जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर शुक्रवार डॉ तनु जैन मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में ‘नारी स्किल सेंटर’ के उद्घाटन और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के तहत होने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रेस को संबोधित करते हुए डॉ. तनु जैन, मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि 20 जून को छावनी बालिका विद्यालय परिसर में ‘नारी स्किल सेंटर’ का उद्घाटन किया जाएगा। इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को सिलाई, कढ़ाई, हस्तशिल्प सहित विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। उद्घाटन कार्यक्रम में आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की जोनल वाइस प्रेसिडेंट श्रीमती राजबीर गिल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
डॉ. तनु जैन ने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर “Yoga for Healthy Ageing” विषय पर आधारित तीन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रातः 108 सूर्य नमस्कार चैलेंज, दोपहर में ओम् ध्वनि एवं आध्यात्मिक प्रवचन तथा सायंकाल चन्द्र नमस्कार सत्र शामिल हैं। प्रेसवार्ता में अधिकारियों ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना, नागरिकों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और “स्वस्थ भारत–विकसित भारत” के संकल्प को मजबूत करना है।