देश के इतिहास में पहली बार प्राइवेट जेट की नीलामी, 16 करोड़ का विमान 3 करोड़ में बिका
देश के इतिहास में पहली बार प्राइवेट जेट की नीलामी, 16 करोड़ का विमान 3 करोड़ में बिका
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने किया था जब्त, नीलामी से मिली रकम ठगी के पीड़ितों को लौटाई जाएगी
नई दिल्ली/हैदराबाद। देश के इतिहास में पहली बार किसी प्राइवेट जेट की नीलामी की गई है। यह आठ सीटर प्राइवेट जेट हॉकर 800ए मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा जब्त किया गया था। करीब 16 करोड़ रुपये की कीमत वाला यह जेट नीलामी में महज 3 करोड़ रुपये में बिक गया। ईडी के मुताबिक, नीलामी से प्राप्त रकम पोंजी घोटाले के पीड़ित निवेशकों को वापस की जाएगी।
यह जेट फाल्कन ग्रुप (कैपिटल प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड) के सीएमडी अमरदीप कुमार का था। अमरदीप कुमार ने वर्ष 2024 में इस जेट को 16 लाख डॉलर में खरीदा था और इसी विमान से एक देश से दूसरे देश की यात्राएं करता था। जांच एजेंसियों के अनुसार, अमरदीप कुमार पर निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है। ईडी के सूत्रों का दावा है कि यह पोंजी घोटाला लगभग 850 करोड़ रुपये का है।
जांच शुरू होते ही अमरदीप कुमार इसी जेट से विदेश फरार हो गया था। इसके बाद ईडी ने 7 मार्च 2025 को हैदराबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर इस जेट को जब्त किया। अब नीलामी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, हालांकि जेट किसने खरीदा है, इसका खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है।