बिजली के केबिल पड़ने के विवाद में प्रधान पति व पूर्व प्रधान आमने सामने
बिजली के केबिल पड़ने के विवाद में प्रधान पति व पूर्व प्रधान आमने सामने
पहुंची पुलिस ने दोनों भीड़ को खदेड़ा
बरेली। केबिल डालने को लेकर मौजूदा प्रधान पति और पूर्व प्रधान के बीच जमकर मारपीट हुई। इससे मौके पर हंगामा मचा गया। दोनों गुट आमने सामने आए तो दुकानदरों ने बवाल के डर से दुकाने बंद कर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। सुभाषनगर के करेली की मौजूदा प्रधान अक्शा परवीन के पति जाकिर ने बताया कि उनके क्षेत्र में लगभग पांच सौ मीटर के बिजली के तार जर्जर हालत में है। इसके कारण रोजाना पांच से छह बार तारों की रिपेयर किया जाता है। इस बात से परेशान होकर क्षेत्रवासियों के साथ मंगलवार को उन्होंने बिजली घर में जेई से बात की थी। इसके बाद मंगलवार को ही जेई ने तार गांव में पहुंचा दिया। प्रधान पति जाकिर के मुताबिक बिजली विभाग द्वारा भेजे गए तारो के बंडल को धोखे से पूर्व प्रधान अक्शा बकतावर उर्फ अब्दुल मतीन के घर पर बिजली कर्मचारियों ने रख दिए। बुधवार को बिजली विभाग की टीम तार बदलने पहुंची और पूर्व प्रधान से तार के बंडल मांगे। जिसके बाद उस नेता के बंडल देने से मना कर दिया और कहा कि तार अभी नहीं बदले जाएंगे जब भी वह चाहेंगे तब बदले जाएंगे। इस मामले की जानकारी प्रधान पति जाकिर को हुई तो उन्होंने बिजली विभाग के कर्मचारियों से कहा कि वह अपना काम करें और तार को आज ही बदला जाएगा। जिसके बाद बिजली विभाग के कर्मचारी खंभों पर जर्जर तार को उतारने के लिए चढ़ गए। आरोप है कि इसी दौरान पूर्व प्रधान के भाई अब्दुल वहाब वहां पहुंच गया और प्रधान पति के भाई ताहिब के साथ अचानक हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद पूर्व प्रधान अब्दुल मतीन समेत सरफराज, मोहम्मद शारिक, इकरार, जुबेर, कफील अहमद, रईस अहमद, सुहेल, नदीम, नाजिम, इरशाद व अब्दुल कयूम के साथ लगभग 12 अज्ञात लोग हाथों में लाठी डंडे लेकर आ गए और हमलावर हो गए। जिसके बाद जाकिर ने सुभाषनगर इंस्पेक्टर सुनील कुमार समेत करगैना चौकी पर मौजूद एसआई बलवीर को मामले की सूचना दी। वहीं इस मामले में पूर्व प्रधान अब्दुल मतीन के भाई अब्दुल वहाब ने बताया कि उनके भाई ने बिजली के तार बदलवाने के लिए बात की थी और उन्हीं के माध्यम से ही तार आए थे। जिसके बाद जब उन्होंने काम कराना चाहा तो प्रधान पति समेत उसके पक्ष के लोगो ने उनके घर पर चढ़ाई कर दी और मारपीट शुरू कर दी। वही इस विवाद की सूचना मिलते ही सुभाषनगर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और भीड़ को हटा दिया। इसके अलावा पुलिस ने मौजूदा प्रधान के पक्ष के ताहिब, नदीम व पूर्व प्रधान के पक्ष के अब्दुल वहाब और कपिल अहमद को हिरासत में ले लिया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के चार लोग घायल हुए है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
--
पथराव होने की भी बात आई सामने
मौजूदा प्रधान पति व पूर्व प्रधान पक्ष के बीच हुए विवाद में पथराव होने की भी बात सामने आई है। हालांकि पुलिस समेत दोनों पक्ष पथराव की बात से इंकार कर रहे हैं। वहीं आसपास के लोगों कहना है कि पथराव हुआ था पुलिस के आने से पहले सभी पत्थर हटा दिए गए थे।
प्रधान और पूर्व प्रधान के बीच विवाद हुआ था। पुलिस को शाम तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी