महाराजा सुहेलदेव पर आपत्तिजनक टिप्पणी से मचा बवाल
महाराजा सुहेलदेव पर आपत्तिजनक टिप्पणी से मचा बवाल
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने की AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
बरेली। AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली द्वारा राष्ट्रनायक महाराजा सुहेलदेव राजभर को 'लुटेरा' कहे जाने पर बवाल खड़ा हो गया है। उनके इस बयान को निंदनीय बताते हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि शौकत अली ने न केवल एक महान जननायक का अपमान किया है, बल्कि करोड़ों अनुयायियों और हिंदू समाज की भावनाओं को भी ठेस पहुँचाई है। सुभासपा नेताओं का कहना है कि शौकत अली का बयान इतिहास के साथ छेड़छाड़ है। इतिहास साक्षी है कि सन् 1034 ईस्वी में महाराजा सुहेलदेव राजभर ने विदेशी आक्रांता सैय्यद सालार मसूद गाजी को युद्ध में परास्त कर भारत की संस्कृति, सनातन परंपरा और अस्मिता की रक्षा की थी। उनका शौर्य और बलिदान आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि AIMIM जैसी पार्टियां आज भी विदेशी मानसिकता से ग्रसित हैं और देश के महापुरुषों का अपमान करने में पीछे नहीं रहतीं। शौकत अली द्वारा दिए गए इस झूठे और तथ्यहीन बयान ने समाज में आक्रोश पैदा कर दिया है। सुभासपा ने मांग की है कि शौकत अली तत्काल सार्वजनिक रूप से अपने शब्द वापस लें और महाराजा सुहेलदेव राजभर के अपमान पर माफी मांगें। साथ ही राज्य सरकार से इस बयान की गहन जांच कर उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने यह भी कहा कि सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में कोई भी व्यक्ति राष्ट्रनायकों की गरिमा के साथ खिलवाड़ न कर सके। सुभासपा का कहना है कि महाराजा सुहेलदेव राजभर का त्याग और बलिदान भारत की हर पीढ़ी याद करती रहेगी और उनकी छवि धूमिल करने की किसी की ताकत नहीं है।