Wednesday, 09-09-2026
नमस्कार हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91-9997782004 , हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें | अन्य शहरों की ख़बरें देने के लिए एवं रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क कर सकते है (संपादक : अरविन्दर सिंह मिक्की) मोबाइल नंबर : +91-9997782004

उज्ज्वला कनेक्शन छह माह से लंबित, महिलाओं ने गैस एजेंसी के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

उज्ज्वला कनेक्शन छह माह से लंबित, महिलाओं ने गैस एजेंसी के खिलाफ सौंपा ज्ञापन


बरेली। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन छह माह से लंबित रहने, जांच के नाम पर कथित रूप से ₹300 से ₹500 तक लिए जाने, लाभार्थी महिलाओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार और गैस एजेंसी के संचालन में अनियमितताओं की शिकायत को लेकर क्षेत्र की महिलाओं ने बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन श्रीमती पूनम राठौर पत्नी चंद्रपाल राठौर, उपसभापति नगर निगम बरेली के नेतृत्व में दिया गया।


महिलाओं ने आरोप लगाया कि सुरक्षा एचपी गैस एजेंसी, ग्रीन पार्क कॉलोनी, सतीपुर चौराहा पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत करीब छह माह पहले आवेदन किए गए थे। कुछ लाभार्थियों को कनेक्शन मिल गए, जबकि कई पात्र महिलाओं को लगातार तारीख देकर टाला जा रहा है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार उन्हें कई बार “तीन दिन बाद कनेक्शन मिलेगा” कहकर वापस भेज दिया जाता है।


ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि आवेदन के शुरुआती दिनों में जांच अथवा इंक्वायरी के नाम पर कुछ लाभार्थियों से कथित रूप से ₹300, ₹400 और ₹500 तक लिए गए। महिलाओं ने इन पैसों की वसूली किस मद में और किसके निर्देश पर हुई, इसकी जांच कराने की मांग की है।


कर्मचारी पर भी लगाए अभद्र व्यवहार के आरोप


महिलाओं ने एजेंसी में कार्यरत मुनेंद्र सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर पर भी कथित रूप से अभद्र एवं अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया। महिलाओं का कहना है कि कनेक्शन की जानकारी मांगने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता और कई बार एजेंसी से बाहर जाने के लिए कहा जाता है।


ज्ञापन में एजेंसी के प्रोपराइटर/मालिक, अधिकृत संचालक और जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की गई है। महिलाओं का कहना है कि उन्हें यह स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाती कि एजेंसी का वास्तविक संचालन कौन कर रहा है और शिकायतों के निस्तारण की जिम्मेदारी किसकी है।


रिकॉर्ड की जांच की मांग


पूनम राठौर और महिलाओं ने पिछले छह माह में उज्ज्वला योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत आवेदनों, वितरित और लंबित कनेक्शनों, जांच रिपोर्ट, कंप्यूटर रिकॉर्ड, लाभार्थी सूची तथा कनेक्शन वितरण से संबंधित दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन एवं रिकॉर्ड ऑडिट कराने की मांग की।


ज्ञापन में कहा गया कि यदि जांच में अवैध धन वसूली, भेदभाव, लापरवाही या पात्र लाभार्थियों को जानबूझकर परेशान करने की पुष्टि होती है तो संबंधित एजेंसी और दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी पात्र लंबित लाभार्थियों को शीघ्र उज्ज्वला गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की गई।


इन महिलाओं के नाम शिकायत में शामिल


ज्ञापन में शिकायतकर्ताओं के रूप में शीला देवी पत्नी धर्मेंद्र सोनकर, लक्ष्मी देवी पत्नी राजवीर, सुशीला देवी पत्नी लटूरी, वीरवती पत्नी श्यामवीर, निशा पत्नी प्रमोद, जय देवी पत्नी नाथूलाल, नीरज गुप्ता पत्नी राजकुमार, विमला देवी पत्नी रामावतार, शिप्रा सक्सेना तथा सुनीता पत्नी रामावतार सहित अन्य महिलाओं के नाम शामिल हैं।

महिलाओं ने मांग की कि जांच वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में निष्पक्ष रूप से कराई जाए और जांच के बाद की गई कार्रवाई से शिकायतकर्ताओं को भी अवगत कराया जाए।

whatsapp whatsapp