इज्जतनगर क्षेत्र से महिला लापता, जेवरात और नकदी गायब जाने कैसे
इज्जतनगर क्षेत्र से महिला लापता, जेवरात और नकदी गायब
बाजार जाने की बात कहकर निकली, प्रेमी संग फरार होने का संदेह
बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र में एक महिला के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया है। डिफेन्स कॉलोनी निवासी युवक ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी घर से कीमती जेवरात और लगभग दो लाख रुपये नकद लेकर रहस्यमय ढंग से गायब हो गई है। पीड़ित ने एक युवक पर पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की आशंका जताई है।
पीड़ित पति के अनुसार, उसकी 40 वर्षीय पत्नी 11 जनवरी की शाम करीब छह बजे बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी। रात करीब नौ बजे जब वह घर पहुंचा तो पत्नी घर पर नहीं मिली। बच्चों से पूछताछ के बाद उसने पत्नी के मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया, लेकिन सभी फोन बंद मिले। अनहोनी की आशंका होने पर पति ने घर की अलमारी की जांच की, जो खुली पाई गई। अलमारी से दो तोले का सोने का हार, सात सोने की अंगूठियां, झुमकी और चूड़ियां, भारी चांदी की पायल तथा करीब दो लाख रुपये नकद गायब थे। इससे शक और गहरा गया। पीड़ित का कहना है कि उसे जानकारी मिली है कि उसकी पत्नी का अरविंद चौधरी पुत्र अशोक भारती, निवासी कटरा चांद खां, बरेली, से संपर्क था। आरोप है कि उसी युवक ने उसे अपने साथ ले गया है। पति ने पत्नी के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। इज्जतनगर थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और संदिग्ध युवक की तलाश शुरू कर दी है।