रोटरी क्लब ऑफ बरेली साउथ की लेडीज़ नाइट 2026 बनी शाही यादगार, राजस्थानी रंग में रंगा आयोजन
रोटरी क्लब ऑफ बरेली साउथ की लेडीज़ नाइट 2026 बनी शाही यादगार, राजस्थानी रंग में रंगा आयोजन
नीता अग्रवाल बनीं राजस्थानी महारानी सा, संजना और स्वाति को मिला विशेष सम्मान
बरेली। रोटरी क्लब ऑफ बरेली साउथ द्वारा कृति रिसोर्ट में आयोजित “लेडीज़ नाइट 2026 – राजस्थानी रंग, रानी सा के संग” कार्यक्रम भव्यता, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष आयोजन में रोटेरियन सदस्यों एवं उनकी जीवन संगिनियों ने पूरे उत्साह से सहभागिता की।
कार्यक्रम में महिलाओं का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में चंदन तिलक, पुष्पवर्षा एवं पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। शुभारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ, इसके बाद महिलाओं द्वारा प्रस्तुत राजस्थानी लोकनृत्य ने सभी का मन मोह लिया। रंग-बिरंगी सजावट, लोकसंस्कृति से सजे मंच, मनोरंजक खेल, मधुर संगीत और स्वादिष्ट व्यंजनों ने आयोजन को यादगार बना दिया।
प्रतियोगिताओं के दौरान संजना अग्रवाल को “राजस्थानी राजकुमारी सा”, स्वाति अग्रवाल को “राजस्थानी रानी सा” और नीता अग्रवाल को “राजस्थानी महारानी सा” के खिताब से नवाजा गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गूंज के साथ सराहा।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि राजस्थान की संस्कृति शौर्य, सम्मान और महिला सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल है। उन्होंने रोटरी क्लब की महिलाओं की सक्रिय भूमिका की प्रशंसा की।
क्लब अध्यक्ष संजीव खंडेलवाल एवं सचिव संजय गर्ग ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रोटेरियन सदस्य अपने परिवारों सहित उपस्थित रहे, जिससे आयोजन और भी गरिमामय बन गया।