भ्रष्ट पुलिस कर्मियों की सूचना देने को टोल फ्री नंबर जारी
भ्रष्ट पुलिस कर्मियों की सूचना देने को टोल फ्री नंबर जारी
एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज का बड़ा कदम
79838 81893 पर कभी दे सकते हैं व्हाट्सएप पर सूचना
बरेली सीएम योगी आदित्यनाथ की भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की मुहिम को ग्राउंड लेवल पर लाने के लिए एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बड़ा बीड़ा उठाया है। भ्रष्ट पुलिस कर्मियों के खिलाफ वृहद स्तर पर अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत चर्चित आईपीएस सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बरेली पुलिस की ओर से टोल-फ्री नंबर 79838 81893 जारी किया है। बरेली पुलिस की ओर से कहा गया है कि प्रथम सूचना रिपोर्ट यानी एफआईआर दर्ज करने के नाम पर या फिर विवेचना में नाम बढ़ाने, नाम निकालने तमाम तरह के प्रलोभन देते हुए कोई भी पुलिसकर्मी पब्लिक के लोगों से रिश्वत की डिमांड करता है, तो फौरन जारी किए गए नंबर पर व्हाट्सएप मैसेज के जरिए सूचना दें। भ्रष्ट पुलिसकर्मी के बारे में सूचना देने वाले शख्स का नाम गोपनीय रखा जाएगा, इस तरह का दावा बरेली पुलिस की ओर से किया गया है। पुलिस की ओर से कहा गया है कि सत्यापन से लेकर किसी भी तरह का प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर या फिर लाइसेंस पर पुलिस रिपोर्ट लगाने के नाम पर किसी भी थाना, चौकी या फिर पुलिस कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मी की ओर से घूस की मांग की जाती है, तो तत्काल इस बाबत उपरोक्त मोबाइल नंबर पर अवगत करायें। समय रहते ऐसे पुलिसकर्मियों पर एक्शन लिया जाएगा। बरेली से पहले प्रयागराज, गोरखपुर, मथुरा समेत कई जिलों में भ्रष्ट पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई का हंटर चला चुके आईपीएस सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने पुलिस से कार्रवाई कराने के नाम पर धन की उगाही करने वाले दलालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। बरेली के एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने कहा है कि पुलिस कार्यालय में आने वाले फरियादी किसी भी व्यक्ति के झांसे में ना आयें। सीधे संबंधित अफसरों को प्रार्थना पत्र दें। कोई भी शख्स कहता है कि उसके मामले में पुलिस के स्तर से कार्रवाई कराएंगे और उसके बदले धन की डिमांड करता है तो कदापि ऐसे किसी भी अवांछनीय तत्व के बहकावे में कतई ना आयें। साथ ही ऐसे लोगों के बारे में तत्काल पुलिस को अवगत करायें। कुछ समय पहले ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों से दो-टूक कहा कि थाना, तहसीलों, सरकारी कार्यालयों में कोई भी दलाल सक्रिय ना हो। सीएम की इसी मंशा को सार्थक बनाने को बरेली के एसएसपी ने भ्रष्टाचारियों, दलालों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ प्रदेश के कई आईएएस व आईपीएस अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार को लेकर एक्शन ले चुके हैं।