पीड़ित का आरोप-जानलेवा हमले की बात हटाने का दबाव बना रही पुलिस
पीड़ित का आरोप-जानलेवा हमले की बात हटाने का दबाव बना रही पुलिस
खेत की बटाई को लेकर विवाद, किसान के पिता पर धारदार हथियार से हमले का आरोप
बरेली। फरीदपुर थाना क्षेत्र में खेत की बटाई को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगा है। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित के बेटे ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि खेत मालिकों ने उसके पिता को रास्ते में घेरकर मारपीट की और सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि शिकायत देने के बाद पुलिस एफआईआर में जानलेवा हमले की बात हटाने का दबाव बना रही है। इसी वजह से अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
ग्राम सब्दलपुर निवासी युवक के मुताबिक, उसने फरवरी में गांव के ही वीरेंद्र और कल्लू पुत्रगण कालीचरन के छह बीघा खेत में सहमति से गन्ने की फसल बटाई पर लगाई थी। मेहनत के बाद फसल तैयार हुई तो आरोप है कि खेत मालिक बटाई छोड़ने का दबाव बनाने लगे।
पीड़ित के अनुसार, चार अगस्त की रात करीब 8:15 बजे उसके पिता भूरे साइकिल से दूध लेकर डेयरी जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में वीरेंद्र और कल्लू ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान वीरेंद्र ने धारदार हथियार से उनके सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाया।
परिजन घायल भूरे को जिला अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और उसे तथा उसके पिता को खतरा है। उसने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।