सेक्रेड हार्ट्स स्कूल में तीन दिवसीय इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू
सेक्रेड हार्ट्स स्कूल में तीन दिवसीय इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू
16 स्कूलों की टीमें भिड़ीं, पहले दिन खिलाड़ियों का जबरदस्त प्रदर्शन
बरेली। सेक्रेड हार्ट्स स्कूल के क्रीड़ा प्रांगण में शनिवार से तीन दिवसीय श्री करन सिंह मेमोरियल इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आगाज हुआ। फीफा जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं तक युवा खिलाड़ियों की पहुंच आसान बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस टूर्नामेंट का शुभारंभ विद्यालय की निदेशिका श्रीमती राधा सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में जनपद के सीबीएसई से संबद्ध 16 स्कूलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। अंडर-19 श्रेणी के उद्घाटन मैच में हार्टमैन स्कूल ने एयर फोर्स स्कूल को 3-0 से हराकर जीत दर्ज की। दूसरा मुकाबला बिशप दोहना स्कूल और बिशप चाइल्डकेयर स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें बिशप दोहना स्कूल 2-0 से विजयी रहा। तीसरे मैच में केपीएस स्कूल ने जीडी गोयंका स्कूल को 2-0 से मात दी। अंडर-14 वर्ग में भी खिलाड़ियों का जोश देखने लायक रहा। मानसस्थली स्कूल ने अल्मा मेटर स्कूल को 3-0 से हराया। केपीएस स्कूल ने जेबीएस स्कूल को 1-0 से पराजित किया। वहीं सेक्रेड हार्ट्स स्कूल ने जीडी गोयंका स्कूल को 1-0 से हराकर जीत अपने नाम की।
एक अन्य रोमांचक मुकाबले में जीआरएम स्कूल ने हार्टमैन स्कूल को पेनल्टी शूटआउट में 2-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। खिलाड़ियों ने दिखाया दम, दर्शक हुए रोमांचित
प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैदान पर दिखी खेल के प्रति ऊर्जा और जज़्बे ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का मनोबल
विद्यालय निदेशक श्री निर्भय बेनीवाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंच बनाने में बेहद सहायक होते हैं और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. उर्मिला वाजपेयी ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी वर्गों के मुकाबले रविवार सुबह 8 बजे से खेले जाएंगे।