शिक्षक दिवस पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
शिक्षक दिवस पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
बरेली सोमवार को जी आर एम स्कूल नैनीताल रोड ब्रांच में शिक्षक दिवस के मौके पर बच्चों ने भाव विभोर करने वाला रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। समूह गीतों 'ये नन्हें कदम' और 'धन्य हैं हमारे शिक्षक' ने जहाँ सच्ची भावनाओं को प्रस्तुत किया, वहीं राजस्थानी लोकनृत्य कालबेलिया और 'शुक्रिया, थैंक यू' पर आधारित समूह नृत्यों ने समां बाँध दिया। गुरु एवं ज्ञान के महत्व को दर्शाती लघु एकांकी में बच्चों ने ग़ज़ब का अभिनय किया। अध्यापकों के लिए एक-दो छोटे गेम्स भी आयोजित हुए। इससे पहले विद्यालय के प्राचार्य रणवीर सिंह रावत एवं जूनियर विंग की समन्वयक विनीता सक्सेना ने माता सरस्वती की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर एवं भारत रत्न डॉ राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सभी शिक्षकों को तिलक लगाकर व पुष्प भेंटकर उनका स्वागत किया गया। जूनियर विंग में आयोजित एक कार्यक्रम में नन्हीं प्रतिभाओं ने अपनी तरह से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर अपनी शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया। वहां कार्यक्रम का संचालन भावना भल्ला व रीनू विरमानी ने किया। प्राचार्य रावत एवं कोऑर्डिनेटर श्रीमती विनीता ने अपने-अपने संबोधनों में सभी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन तृप्ति सिंह, अदिति गोला, जसकीरत कौर एवं श्रावणी गौतम ने किया। कार्यक्रम के कन्वीनर मुग्धा बिष्ट व ममतेश माहेश्वरी थे। इस अवसर पर सभी शिक्षकवृन्द एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।