इज्जतनगर के बग्गा ग्राउंड में मिला मृत गौवंश, कुत्तों द्वारा नोचे जाने का आरोप
इज्जतनगर के बग्गा ग्राउंड में मिला मृत गौवंश, कुत्तों द्वारा नोचे जाने का आरोप
गौरक्षा प्रकोष्ठ ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन, डेरी संचालकों पर पशु क्रूरता की कार्रवाई की मांग
बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के वीरसावरकर नगर स्थित बग्गा ग्राउंड में गुरुवार को गौवंश के अवशेष मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने देखा कि मृत गौवंश को कुत्ते नोच रहे थे। तत्काल मामले की जानकारी 112 पुलिस सेवा को दी गई और सबसे पहले गौवंश का विधिवत संस्कार कराया गया। इसके बाद क्षेत्रवासियों के साथ विश्व हिन्दू महासंघ के गौरक्षा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी मनोज दास, सचिन एस. मक्कड़ सहित अन्य लोग थाना इज्जतनगर पहुंचे और हल्का इंचार्ज एसआई मुनेन्द्र कुमार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एसआई मुनेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया डेरी संचालकों द्वारा इस तरह गौवंश के अवशेष फेंके जाने की आशंका है। उन्होंने कहा कि संबंधित डेरी संचालकों को बुलाकर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही यदि यह कृत्य किसी गौकशी से जुड़ा पाया गया, तो दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। गौरक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री नीरज एस. सैनी ने बताया कि इस मामले में सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव को फोन किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि थाना इज्जतनगर क्षेत्र में गौकशी की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। इसके अलावा नगर आयुक्त बरेली को भी फोन पर सूचना दी गई और संजय नगर व आसपास के डेरी संचालकों द्वारा खाली स्थान पर गोबर व अवशेष डंप किए जाने की शिकायत की गई, जिस पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। थाना प्रभारी इज्जतनगर को भी फोन से अवगत कराया गया, क्योंकि उस समय वे थाने में मौजूद नहीं थे। इसके बाद एसपी सिटी बरेली और सीओ तृतीय को व्हाट्सएप के माध्यम से पूरे मामले की जानकारी दी गई।
गौरक्षा प्रकोष्ठ ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।