बाबा त्रिवटीनाथ मन्दिर पहुंचे झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार
बाबा त्रिवटीनाथ मन्दिर पहुंचे झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार
नवनिर्मित जगजननी मां भवानी मन्दिर में किया दर्शन-पूजन, मन्दिर सेवा समिति की सराहना
बरेली। बरेली के प्राचीनतम एवं भव्य बाबा त्रिवटीनाथ मन्दिर में श्रद्धा और आस्था का विशेष दृश्य देखने को मिला। संतोष गंगवार, महामहिम राज्यपाल झारखंड, ने अपने बरेली प्रवास के दौरान मन्दिर परिसर में नवनिर्मित जगजननी मां भवानी मन्दिर में विधिवत दर्शन, पूजन एवं अर्चन किया। इस अवसर पर डा. डी. सी. वर्मा, विधायक मीरगंज भी महामहिम राज्यपाल के साथ उपस्थित रहे। राज्यपाल के आगमन पर मन्दिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं मन्दिर सेवा समिति के पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल रहा। मन्दिर सेवा समिति की ओर से प्रताप चन्द्र सेठ, मीडिया प्रभारी संजीव औतार अग्रवाल तथा सुभाष मेहरा ने महामहिम राज्यपाल एवं विधायक डा. डी. सी. वर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। दर्शन के उपरांत महामहिम राज्यपाल ने नवनिर्मित जगजननी मां भवानी मन्दिर की भव्यता और निर्माण कार्य की प्रशंसा करते हुए मन्दिर सेवा समिति को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि मां भवानी का यह मन्दिर अत्यंत अलौकिक और दर्शनीय है, जिसकी ख्याति भविष्य में पूरे भारतवर्ष में फैलेगी और दूर-दूर से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आएंगे। इस अवसर पर मन्दिर सेवा समिति के प्रताप चन्द्र सेठ, मीडिया प्रभारी संजीव औतार अग्रवाल, सुभाष मेहरा एवं नवीन गोयल का विशेष सहयोग रहा।