हैंड ग्रेनेड मिलने से हड़कंप, बदायूं रोड के करगैना में मची अफरा-तफरी
हैंड ग्रेनेड मिलने से हड़कंप, बदायूं रोड के करगैना में मची अफरा-तफरी

बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के बदायूं रोड पर बुधवार दोपहर नाले की खुदाई के दौरान एक हैंड ग्रेनेड (बम) मिला है. इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने बदायूं रोड के करगैना इलाके को कुछ देर को सील कर दिया. इसके साथ ही एसएसपी समेत प्रमुख अफसर जांच के लिए मौके पहुंच गए हैं. हैंड ग्रेनेड की जांच के लिए टीम बुलाई गई है. हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में हैंड ग्रेनेड काफी पुराना और निष्क्रिय है. शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के बदायूं रोड पर करेली करगैना के पास नाले की खुदाई चल रही है. खुदाई के दौरान एक युवक रास्ते से गुजर रहा था. बम से उसके पैर में ठोकर लगी. इसके बाद पन्नी को खोलकर देखा, तो उसमें बम था. उसने बम की सूचना पुलिस को दी. कुछ ही देर में सुभाषनगर पुलिस के साथ एसएसपी रोहित सिंह सजवाण मौके पर पहुंच गए. पुलिस की जांच में हैंड ग्रेनेड पाया गया है. यह काफी पुराना बताया जा रहा है, जो नाले की सफाई के दौरान मिट्टी से निकलने की बात सामने आ रही है। एसएसपी ने हैंड ग्रेनेड की जांच के लिए टीम बुलाई है. टीम की जांच के बाद ही तस्वीर साफ हो सकती है. मगर, बम की अफवाह से इलाके में दहशत फैल गई. पुलिस ने कुछ इलाके को कुछ देर के लिए सील कर दिया था. इसके साथ ही लोगों को समझा-बुझाकर दहशत भरे माहौल को शांत किया। बदायूं रोड पर कई महीनों से नाला चौड़ीकरण का काम चल रहा है. नाले की खुदाई के दौरान यह घटना सामने आई है. अभी इसमें यह कहना मुश्किल है कि यह कहां से आया है. मगर, बम की सूचना शहर में आग की तरह फैलने से लोगो में दहशत है. इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि, सड़क खुदाई के दौरान एक निष्क्रिय पुराना बम मिला है. टीम को जांच के लिए बुलाया।