फतेहगंज पश्चिमी में बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल, बिना सुरक्षा उपकरण कराई गई मरम्मत
टूटे बिजली तार से मचा हड़कंप, बड़ा हादसा टला
फतेहगंज पश्चिमी में बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल, बिना सुरक्षा उपकरण कराई गई मरम्मत
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी कस्बे के माली मोहल्ला, वार्ड नंबर दो में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिर पड़ा। खुले तार के गिरते ही लोगों में दहशत फैल गई और किसी बड़े हादसे की आशंका बनने लगी। एहतियातन स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार माली मोहल्ला वार्ड नंबर-2 में बिजली का तार टूटने से पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। भीषण गर्मी के बीच कई घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घरों में लगे पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद हो गए, वहीं मोटर न चलने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित रही।
सूचना पर पहुंची बिजली विभाग की टीम ने लाइन दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया, लेकिन इस दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही देखने को मिली। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि खंभे पर चढ़कर मरम्मत कर रहा कर्मचारी बिना सेफ्टी बेल्ट, दस्ताने और सुरक्षा जूतों के कार्य करता नजर आया। जबकि आए दिन बिजली कर्मचारियों के साथ हादसों की खबरें सामने आती रहती हैं, इसके बावजूद सुरक्षा मानकों की अनदेखी चिंताजनक है।
काफी मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने टूटे हुए तार को बदलकर लाइन को दुरुस्त किया, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल हो सकी। बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली और विभागीय टीम का आभार भी व्यक्त किया।
हालांकि मोहल्ले वासियों ने मांग की कि भविष्य में कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए और उन्हें पूरी सुरक्षा किट के साथ ही कार्य कराया जाए। साथ ही जर्जर तारों और पुराने खंभों की समय-समय पर जांच कर उन्हें बदला जाए, ताकि न सिर्फ आम जनता बल्कि बिजली कर्मचारी भी सुरक्षित रह सकें।
इस दौरान बिजली विभाग की टीम में प्रवीन शर्मा (टीजी-2), आदिल मलिक, राकेश माहेश्वरी, सोनू कुमार, हरवीर सिंह, परमिंदर यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।