इज्जतनगर रेलवे रोड पर भेड़ियों की दस्तक, क्षेत्र में दहशत का माहौल
इज्जतनगर रेलवे रोड पर भेड़ियों की दस्तक, क्षेत्र में दहशत का माहौल
सुबह के वक्त घूमते देखे गए जंगली जानवर, लोगों ने प्रशासन से की सुरक्षा की मांग
बरेली थाना इज्जतनगर क्षेत्र की रेलवे रोड नंबर 1, डिप्टी कंस्ट्रक्शन ऑफिस के पीछे सोमवार सुबह भेड़ियों के झुंड के देखे जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय कुछ जंगली भेड़िये कॉलोनी के पास घूमते नजर आए, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इलाका रेलवे कार्यालयों, रिहायशी कॉलोनियों और व्यस्त मार्गों से घिरा हुआ है। ऐसे में भेड़ियों की मौजूदगी किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि आसपास के जंगलों या खेतों से भटककर ये जानवर शहरी क्षेत्र में पहुंचे होंगे। स्थानीय पार्षद कामिल हुसैन ने क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और भेड़ियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम भेजने की मांग की है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द कार्रवाई कर जानवरों को पकड़ा जाए ताकि लोग भयमुक्त होकर अपने दैनिक कार्य कर सकें। समाचार लिखे जाने तक कोई भेड़िया पकड़ा नहीं गया था।