रामपुर गार्डन में बिजली विभाग के गोदाम में आग से हड़कंप
रामपुर गार्डन में बिजली विभाग के गोदाम में आग से हड़कंप
हजारों खराब बिजली मीटर जलकर खाक, कारणों की गहन जांच शुरू
बरेली कोतवाली क्षेत्र स्थित रामपुर गार्डन में मंगलवार को बिजली विभाग के एक गोदाम में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बताया गया कि जिस गोदाम में आग लगी, वहां बिजली विभाग के पुराने और खराब बिजली मीटर बड़ी संख्या में रखे हुए थे। आग की चपेट में आने से गोदाम में मौजूद हजारों मीटर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग भी दहशत में आ गए और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मनु शर्मा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम को तत्काल रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया, जिससे आग आसपास की इमारतों तक फैलने से बच गई। उन्होंने बताया कि गोदाम में किसी प्रकार का विद्युत कनेक्शन नहीं था, इसलिए आग लगने के कारणों को लेकर जांच की जा रही है। बिजली विभाग के कर्मचारी विनय कुमार ने बताया कि यह गोदाम खराब और बदले गए मीटरों को रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि गोदाम के बाहर पड़े सूखे पत्तों में लगी आग की चिंगारी उड़कर भीतर पहुंची होगी, जिससे आग भड़क गई। हालांकि घटना को लेकर कई सवाल भी खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोदाम चारों ओर से लोहे की चादरों से पूरी तरह बंद है, ऐसे में बाहर लगी आग की चिंगारी अंदर कैसे पहुंची, यह स्पष्ट नहीं है। इसके अलावा सूखे पत्तों में आग कैसे लगी और क्या यह घटना किसी साजिश का हिस्सा हो सकती है, इन पहलुओं की भी जांच की जा रही है।फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के असली कारणों का पता चल सकेगा।