प्रेमनगर में मखाना कारोबारी के गोदाम से चोरी का खुलासा, पांच कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज
प्रेमनगर में मखाना कारोबारी के गोदाम से चोरी का खुलासा, पांच कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज
रिकॉर्ड मिलान के बाद सामने आई 4-5 माह से चल रही चोरी, पुलिस की दो टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं
बरेली थाना प्रेमनगर क्षेत्र में मखाना के थोक कारोबारी के गोदाम से लंबे समय से हो रही चोरी का मामला सामने आया है। दयाल एन्कलेव, 100-फुट रोड, डेलापीर निवासी पीयूष गुप्ता ने थाने में तहरीर देकर अपने ही कर्मचारियों पर मखाने की बोरियां चोरी करने का आरोप लगाया है।
प्रार्थी पीयूष गुप्ता पुत्र विनोद गुप्ता का राजेंद्र नगर स्थित ई-1073 पर होलसेल मखाना का व्यवसाय है। उन्होंने बताया कि बीते चार से पांच महीनों से उनके कार्यालय से लगातार मखाने की बोरियां गायब हो रही थीं। 29 मई 2026 को जब उन्होंने रिकॉर्ड बुक का मिलान किया, तब चोरी का पूरा खुलासा हुआ। पीयूष गुप्ता के अनुसार उनके यहां काम करने वाले कर्मचारी अनिकेत, गौरव, राजवीर, सोयम और परमजीत से जब अलग-अलग पूछताछ की गई तो सभी ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। इसके अलावा, उनके साथ रहने वाले मनीष ने भी इन कर्मचारियों को मखाने की बोरियां चोरी करते हुए देखने की बात कही है। इसके बाद पीड़ित ने थाना प्रेमनगर पहुंचकर मामले की सूचना दी।
इस संबंध में इंस्पेक्टर अपराध सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।