साहू रामस्वरूप महिला महाविद्यालय में भव्य सप्तरंग फैशन शो का आयोजन
साहू रामस्वरूप महिला महाविद्यालय में भव्य सप्तरंग फैशन शो का आयोजन
बरेली। गुरुवार को साहू रामस्वरूप महिला महाविद्यालय में भव्य परिधान महोत्सव 'सप्तरंग फैशन शो' का आयोजन किया गया, जिसमें फैशन की विविधताओं का शानदार प्रदर्शन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मशहूर फैशन डिजाइनर स्नेही अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि प्रबंध तंत्र के सह सचिव श्री मनोज मंगल थे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद सप्तरंग फैशन शो का शुभारंभ किया गया। इस शो में कुल सात राउंड प्रस्तुत किए गए। पहले किड्स राउंड में छोटे बच्चों ने अपने रंग-बिरंगे वस्त्रों से दर्शकों का मन मोह लिया। दूसरा राउंड कप्तान ड्रेस का था, जिसमें छात्राओं ने नोजल वर्क के जरिए परिधानों को सजाया। तीसरे राउंड में नेट, ऑर्गेंजा और सीक्वेंस वर्क के साथ नेचुरल थीम को ध्यान में रखकर गाउन बनाए गए। चौथे राउंड में इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने अपने द्वारा तैयार किए गए विभिन्न परिधान रैंप पर प्रस्तुत किए। पांचवां राउंड मुगल थीम पर आधारित था, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। छठे राउंड में इंडो-वेस्टर्न ड्रेस का आकर्षक प्रदर्शन हुआ, जिसमें भारतीय एवं पश्चिमी सांस्कृतिक तत्वों का समिश्रण था। अंतिम और सबसे आकर्षक राउंड लहंगा राउंड था, जिसमें टाफ्टा, सिल्क एवं रेशमी कपड़ों पर हैंड वर्क, पेंटिंग और कढ़ाई ने खास रंग भरा। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों की प्रधानाचार्य एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मिनिस्ट्री ऑफ टेक्सटाइल, भारत सरकार ने फैशन विभाग की 18 छात्राओं का चयन एसएसएस पद पर किया, जिन्हें महाविद्यालय द्वारा सम्मानित भी किया गया। फैशन विभाग की इंचार्ज डॉ. अलका जायसवाल ने कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर अनुपमा मेहरोत्रा ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का धन्यवाद किया।