दिल्ली जा रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर में घुँसी, चालक फरार
दिल्ली जा रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर में घुँसी, चालक फरार
बरेली। कुदेशिया पुल से मिनीबाईपास की ओर जाने वाली एक रोडवेज बस डीवाइडर से टकरा गई। हादसे में कुछ यात्री घायल भी हो गए वहीं बस चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस व अन्य बसों के ड्राइवर व हेल्परों ने बस को डिवाइडर से हटवाकर वाहनों के लिए रास्ता साफ किया। बरेली से दिल्ली जा रही पीलीभीत डिपो की रोडवेज बस यूपी 25 बीटी 3819 शनिवार की देर रात दिल्ली की ओर जा रही थी। कुदेशिया पुल से मिनीबाइपास की ओर पुल से उतरते ही बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के समय बस में 17 यात्री सवार थे जिनमें आगे की तरफ बैठे दंपती मुकेश व सुनीता और उनके जीजा गुड्डू घायल हो गए। जिन्हें पास के ही निजी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। वहीं हादसा होते ही बस चालक मौके से फरार हो गया। इसकी वजह से नाराज लोगों ने बस कंडक्टर की पिटाई भी लगा दी। हादसे की सूचना इज्जतनगर पुलिस को मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अन्य बसों के ड्राइवर व कंडक्टरों की सहायता से बस को डिवाइडर से हटाकर सड़क के एक तरफ खड़ा करवाया। इस दौरान कुदेशिया-मिनीबाईपास मार्ग पर जाम की भी काफी समस्या हो गई। इस मार्ग पर पुल से उतरते समय पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।