जिले में 61.4 प्रतिशत रहा मतदान, कुछ झलकियां कैमरे की नजर में
जिले में 61.4 प्रतिशत रहा मतदान, कुछ झलकियां कैमरे की नजर में
जिले के बहेड़ी में सबसे अधिक 72% किया गया मतदान
बरेली। दूसरे चरण का मतदान सफलता पूर्ण 61 पॉइंट 4 प्रतिशत रहा जिसमें बहेड़ी 72 प्रतिशत, मीरगंज 62 प्रतिशत, भोजीपुरा 67 प्रतिशत, नवाबगंज 63 प्रतिशत, फरीदपुर 60.80 प्रतिशत, बिथरी चैनपुर 62 प्रतिशत, बरेली 54 प्रतिशत, बरेली कैंट 50.67 प्रतिशत व आँवला 57.90 प्रतिशत सहित टोटल 61.4 प्रतिशत रहा। जिसके तहत सबसे अधिक प्रतिशत बहेड़ी में मतदान किया गया है। यूपी में दूसरे चरण का मतदान नौ जिलों की 55 विधानसभा सीटों पर कड़े सुरक्षा घेरे में पैरामिलिट्री फोर्स की मुस्तैदी के बीच रहा । शाम 6 बजे तक तमाम मतदान केंद्रों पर मतदान चलता रहा। शुरुआती दौर में कुछ जिलों से ईवीएम में खराबी की बात सामने आती रही, बाद में चुनाव आयोग के अधिकारियों और जिलों के प्रशासनिक-पुलिस अधिकारियों की सक्रियता के चलते खराब ईवीएम मशीनें चेंज कराकर चुनाव शुरू करा दिया गया। सहारनपुर की देवबंद विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र देवी कुंड राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पर भाजपा और सपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। पुलिस ने लाठियां फटकार कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसी तरह मुरादाबाद के मैनाठेर इलाके में स्थित एक मतदान केंद्र पर सपा और बसपा समर्थकों में भिड़ंत हो गई। एसएचओ मैनाठेर अमरनाथ वर्मा ने भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रित किया। इस सबके बीच, लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी जबर्दस्त सहभागिता निभाते हुए आधी आबादी से लेकर दिव्यांगों, बुजुर्गों के साथ ही युवा जमकर वोट डाल रहे हैं। सुबह ही मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ मतदान केंद्रों पर देखने को मिली। लोग वोट डालने को अपनी बारी की बेसब्री से प्रतीक्षा करते रहे। पहले मतदान फिर जलपान के स्लोगन को सार्थक बनाते हुए कई जनपदों में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अपने मत का प्रयोग किया। इसी क्रम में तस्करों की कमर तोड़ने को लेकर चर्चा में आये बरेली के एसपीआरए राजकुमार अग्रवाल ने अपनी पत्नी मधुरिमा अग्रवाल के साथ संबंधित पोलिंग बूथ पर पहुंच अपने मत का प्रयोग किया। इसी के साथ संभल जनपद में पुलिस कप्तान चंक्रेश मिश्र और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक जायसवाल ने भी अपने मत का प्रयोग किया। बरेली जोन के कुछ इलाकों में जनप्रतिनिधियों से नाराज ग्रामीणों ने चुनाव के बहिष्कार का ऐलान भी किया। रामपुर जिले के मिलक इलाके के गांव में बीच आबादी शराब की भट्टी होने से नाराज ग्रामीणों ने चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया तो दूसरी ओर बरेली के धनुआ गांव में विकास कार्य न होने से नाराज ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया। हालांकि, बाद में जिम्मेदारों के समझाने बुझाने के बाद चुनाव का बहिष्कार कर रहे ग्रामीणों ने लोकतंत्र के महापर्व में अपना योगदान देते हुए मतदान किया। यूपी के संभल जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद आधी रात को भाजपा प्रत्याशी पर हमला होने की केलादेवी थाना क्षेत्र में हुई घटना को लेकर संभल पर चुनाव आयोग और आला अधिकारियों की खास नजर रही। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय शुक्ला पल-पल के हालातों की जानकारी संबंधित मातहत अधिकारियों से लेते रहे। एडीजी बरेली जोन राजकुमार, आईजी बरेली रेंज रमित शर्मा, डीआईजी मुरादाबाद रेंज शलभ माथुर अति संवेदनशील इलाकों में पुलिस फोर्स के साथ भ्रमणशील रहे। इसी के साथ संवेदनशील बरेली जिले पर भी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की पैनी नजर रही। बरेली के डीएम शिवाकांत द्विवेदी, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, एसपी सिटी रविंद्र कुमार और एसपीआरए राजकुमार अग्रवाल लगातार फोर्स के साथ भ्रमणशील रहे। अफसरों ने क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर खासी नजर रखी। एडीजी बरेली जोन राजकुमार ने बताया है कि संभल और मुरादाबाद में हुईं घटनाओं को खासी गंभीरता से लिया गया है। मतदान के दिन इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने वाले लोगों को सख्ती से कुचला जाएगा। किसी भी कीमत पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। संभल की घटना में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसी तरह मुरादाबाद के मैनाठेर में हुई घटना में भी कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।