बेसमेंट में अस्पताल, ऊपर सिस्टम बेखबर!
बेसमेंट में अस्पताल, ऊपर सिस्टम बेखबर!
रामपुर गार्डन में बेसमेंट में ओटी से लेकर मरीज भर्ती और पैथोलॉजी तक का संचालन, सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल
बरेली। शहर में मरीजों की जिंदगी से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रामपुर गार्डन समेत कई इलाकों में बेसमेंट में अस्पताल और पैथोलॉजी सेंटर संचालित होने के दावे सामने आ रहे हैं। आरोप है कि कुछ बड़े अस्पतालों के बेसमेंट में ऑपरेशन थिएटर, मरीजों को भर्ती करने, पैथोलॉजी सेंटर और बच्चों की नर्सरी तक संचालित की जा रही हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर स्वास्थ्य विभाग इन प्रतिष्ठानों की निगरानी कैसे कर रहा है?
बेसमेंट में आग या अन्य आपात स्थिति होने पर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होगा। गंभीर मरीजों, नवजात बच्चों और बुजुर्गों की स्थिति में जोखिम और बढ़ सकता है। इसके बावजूद यदि बेसमेंट में चिकित्सा गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकासी मार्ग, वेंटिलेशन और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच बेहद जरूरी है। बेसमेंट में हुए हादसों ने पहले ही सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोली है। इसके बावजूद बरेली में ऐसे अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों की व्यापक जांच नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, बेसमेंट में नियमों के विरुद्ध चिकित्सा गतिविधियां संचालित होने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। सवाल यह है कि क्या स्वास्थ्य विभाग ने बेसमेंट में संचालित अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों की सूची तैयार की है? क्या इनके अग्निशमन सुरक्षा प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी अनुमतियों की जांच की गई है? यदि कहीं नियमों का उल्लंघन मिल रहा है तो कार्रवाई कब होगी? मरीजों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले में स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन विभाग की संयुक्त जांच जरूरी है, ताकि किसी हादसे के बाद कार्रवाई करने की नौबत न आए।